सूरजपुर : वैसे तो हमेशा सुना है कि पूत कपूत होते है, लेकिन कभी नहीं सुना की माता कुमाता हो सकती है, भगवान से प्रेम से बढ़कर माँ कि ममता को माना गया है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही चार माह के दुधमुंहे बच्चे को पटक कर उनकी जान ले ली। यह घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव की है, बहुत बेदर्द तरीके से महिला ने इस घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक, महिला घर में खाना बना रही थी, उसी दौरान बच्चा लगातार रो रहा था। बच्चे के रोने से गुस्साई मां ने आपा खो दिया और मासूम को जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीँ घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि आरोपी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला से पूछताछ जारी है, इस घटना को लेकर क्षेत्रवासी स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



