तेज रफ्तार का कहर, सामने आया खौफनाक हादसा, युवक की मौके पर हुई दर्दनाक मौत।

अभनपुर : जिन्दगी में चाहे सड़क पर जितना धीरे चलोगे, उतना संभलने के मौके मिलेंगे, आपकी थोड़ी सी चूक आपको या दूसरे को जीवनभर का गम दे सकती है। दुपहिया वाहनों की रफ़्तार 40 से 70 के आसपास होनी चाहिये और चौपहिया वाहनों को 80 से ज्यादा की रफ़्तार से ना चलायें, सड़क पर कोई भी लापरवाह आदमी अचानक आ सकता है, या कोई पशु भी आ सकता है।

मामला है राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर के गोबरा नवापारा में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने एक अज्ञात व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। अचानक हुये इस खौफनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना गोबरा नवापारा नगर के चंपारण चौक के पास हुई है, घटना के बाद यहाँ भीड़ जमा हो गई।

घटना के बारे में जानकारी मिली है कि चंपारण चौक के पास रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शख्स वाहन के नीचे आ गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि, यह हादसा इतना भीषण था कि हाईवा चालक ने वाहन के नीचे फंसे व्यक्ति को करीब 200 फीट तक घसीट दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीँ घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गरियाबंद और धमतरी दोनों जिलों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है, यहाँ आये दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यहीं हाईवा गोबरा नवापारा होते हुए राजधानी रायपुर तक पहुंचते हैं, जिससे इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। अब सवाल यह है कि बार-बार हादसों के बावजूद खनिज विभाग आखिर क्यों चुप है? जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता और ढीली कार्यवाही के चलते अवैध कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। इसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है। रेत के अवैध कारोबार से सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।