मामूली बहस पर मोमिनपारा-बढ़ईपारा के युवकों के बीच जमकर मारपीट, मामले ने लिया सांप्रदायिक रंग।

रायपुर : आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मोमिन पारा और बढ़ई पारा क्षेत्र में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बताया गया है कि शनिवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोमिन पारा और बढ़ई पारा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। इस गम्भीर हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक बाइक टक्कर को बताया जा रहा है। बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक से हुई टक्कर के बाद मोमिन पारा के युवकों के साथ कहासुनी शुरू हो गई थी, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही दोनों पक्षों के अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले आया, दोनों पक्ष अलग – अलग समुदाय के थे, जिसके बाद मामले ने सांप्रदायिक रंग ले लिया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ हमला शुरू हो गया। इस झड़प में तीन युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान कुछ लोगों द्वारा धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया है, जिससे भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गये, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर 50 से अधिक जवानों और अधिकारियों को तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। एसीपी इशु अग्रवाल ने बताया है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी है। विवाद वाहन टकराने पर शुरू हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर 50 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों को तैनात किया गया। वहीं मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।