अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्करी गैंग के 3 आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, 43 ग्राम हेरोइन जब्त।

दुर्ग/भिलाई : राज्य में नशे के सामान की बड़ी मात्रा में खपत हो रही है, वहीँ नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले की कार्यवाही खुर्सीपार थाना के अंतर्गत की गई है।

जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को मिनी स्टेडियम स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थ रखने और बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। जिसके बाद आरोपियों के कब्जे से 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ 3,640 रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन (कीमत 24,500 रुपये) जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कीमत 8,90,940 रुपये बताई गई है।

इन सभी गिरफ्तार आरोपियों में विजय सिंह, मीर नौशाद अली और सुरेंद्र क्षत्रिय शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी विजय सिंह पंजाब के अमृतसर से दुर्ग तक नशे की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था, यह सारा नशे का सामान पाकिस्तान बॉर्डर से तस्करी की उम्मीद है।

इस मामले में धारा 8/21(क) और 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे थे।

आरोपियों के नाम :

  1. विजय सिंह (26 वर्ष), निवासी कलेर गुमान, थाना कलसिया, जिला अमृतसर (पंजाब); वर्तमान निवास—एचसीएल कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, वीर नारायण सिंह वार्ड, खुर्सीपार।
  2. मीर नौशाद अली (26 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, बसंत विहार, हनुमान मंदिर के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
  3. सुरेंद्र क्षत्रिय (23 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, मुंबई आवास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।

पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।