रायपुर : आसमान साफ़ होने के बावजूद कहीं कहीं बारिश हो रही है, वहीँ छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसकी वजह से तपती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है, इसके साथ ही बेमौसम बारिश ने किसानों को मुश्किल में डाल दिया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताते हुए बारिश, गरज-चमक और तेज हवा को लेकर सूचना भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, आने वाले 2 दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई गई है, वहीँ तापमान ज्यादा बढ़ने से लोगों ने कूलर और एसी भी चालू कर लिये है।
मौसम सारांश :
सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो कापू और पेंड्रा रोड में 2-2 सेमी वर्षा हुई, जबकि पसान, कुनकुरी, तमनार, कोरबा और खड़गांव में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई है।
सिनोप्टिक सिस्टम :
मौसम में बदलाव के पीछे दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं।
- उत्तरपूर्वी विदर्भ और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
- ओडिशा और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित है।
- गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आने वाले 2 दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर में आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। मेघगर्जन के साथ बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की संभावना है।



