वर्दी में आरक्षक ने बनाई रील, SSP ने किया लाइन अटैच, देखें विडियो।

बिलासपुर : किसी भी स्थान अथवा जगह की मर्यादा और सीमायें होती है, जिनके लिये नियम और अनुशासन का पालन करना पड़ता है, वहीं सामने आये मामले के अनुसार पुलिस यूनिफॉर्म में रील बनाना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग ने सख्त कार्यवाही करते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। ऐसे मामलों में पहले भी कार्यवाहियां की जा चुकी है, फिर भी ऐसे मामले सामने आ ही जाते है।

यह मामला बिलासपुर का है, जहां आरक्षक देवानंद कैवर्त ने पुलिस यूनिफॉर्म में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद इसे यूनिफॉर्म के दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण माना गया है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आदेश जारी कर आरक्षक देवानंद कैवर्त को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर अटैच कर दिया गया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इस कार्यवाही को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। साफ है कि वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, वर्दी आम आदमी की सुरक्षा का प्रतिक है मजाक का विषय नहीं। बता दें कि आरक्षक ने वर्दी में अपनी पत्नी के साथ हैलो रानी, ​​हाय रानी…. गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसको लेकर यह कार्यवाही हुई है।

एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और वर्दी उसकी गरिमा का प्रतीक है। वर्दी पहनकर निजी इच्छाओं की पूर्ति या अनुचित गतिविधियां करना कतई स्वीकार्य नहीं है। हाल के दिनों में वर्दी में रील बनाने की घटना पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस प्रकार की हरकतें विभागीय मर्यादा के खिलाफ हैं। एसएसपी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि वर्दी की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।