ट्रैफिक जाम से राहत देने यातायात पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, अब मिलेगी ऐसी सुविधा….।

रायपुर : राजधानी के ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, आम लोगों को राहत देने के लिये बेमतलब के प्रयोग करने से आम आदमी को समस्या और भी ज्यादा खड़ी हो रही है, राजधानी की आबादी काफी बढ़ चुकी है, इसलिये इसका समाधान अटल नगर को बसाने के बाद होगा, जिसका समाधान प्रशासनिक कार्यों को अटल नगर में स्थानांतरित किया जाये, हालाँकि प्रशासन दूसरे समाधान निकालने में लगा हुआ है। वहीँ अब फिर से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस रायपुर ने बड़ी पहल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यातायात विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है, जिस पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए जाम की सूचना दी जा सकती है।

यातायात पुलिस के अनुसार, अब किसी भी क्षेत्र में जाम लगने की स्थिति में आम नागरिक तुरंत इस नंबर पर जानकारी दे सकते हैं। सूचना मिलते ही आईटीएमएस/कंट्रोल रूम द्वारा नजदीकी यातायात पेट्रोलिंग टीम को अलर्ट किया जायेगा, जो मौके पर पहुंचकर जाम को जल्द से जल्द क्लियर करेगी।

इसके साथ ही पुलिस का कहना है कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में तकनीक का उपयोग करते हुए अब गूगल मैप के माध्यम से भी सड़कों की निगरानी की जायेगी। यदि किसी सड़क पर दबाव या जाम की स्थिति दिखाई देती है तो वहां तुरंत यातायात टीम भेजी जायेगी, जिससे आम लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। जबकि आम आदमी हर चौराहे के आसपास जाम में फंस रहा है।

गूगल मैप में ट्रैफिक रंगों का मतलब :

  • हरा (Green): यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
  • पीला (Yellow): मध्यम गति से यातायात।
  • लाल (Red): बहुत धीमी गति या सिग्नल पर रुका ट्रैफिक।
  • मेहरून (Maroon): यातायात पूरी तरह बाधित।

जाम की स्थिति में हेल्पलाईन का उपयोग करने की अपील :

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जाम की स्थिति में हेल्पलाईन का उपयोग करें और गूगल मैप के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें। वहीँ आम आदमी भी समय और स्थिति को देखते हुये वाहन का प्रयोग करे।