धमतरी : जहाँ लगभग 10-15 वर्ष पूर्व लड़कियों की संख्या कम थी वहीँ अब लड़कियों की संख्या लड़कों के अपेक्षा बढ़ चुकी है, फिर भी शादियाँ नहीं हो रही है, ऐसे में शादी ना होने से कई युवा परेशान है और वो ऑनलाईन रिश्ते खोज रहे है। ऐसे ही एक मामले छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। आज के दौर में जहां लोग ऑनलाईन जीवनसाथी तलाश रहे हैं वहीं शातिर ठग इसी भरोसे का फायदा उठाकर लोगों को ठग रहे। धमतरी में एक युवक को यूनिक रिश्ते दिलाने के नाम पर हजारों की चपत लगा दी गई है।
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीटोला वार्ड का है। यहां रहने वाले रवि कुमार बघेल को क्या पता था कि एक अंजान फोन कॉल उनकी जेब पर भारी पड़ जायेगा। दरअसल रवि के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को यूनिक रिश्ते नामक प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताया गया। फिर बातचीत के दौरान युवक को एक लड़की की तस्वीर भेजी गई। फोटो देखते ही युवक शादी के लिए तैयार हो गया, बस यहीं से ठगी का खेल शुरू हुआ।
फिर ठगों ने अपना जाल बिछाया और रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर युवक से ऑनलाईन UPI के जरिए पैसे मांगना शुरू किया। महज एक हफ्ते के भीतर युवक से 14,000 रुपए ऐंठ लिये गये। जब युवक ने लड़की से मिलने या आगे की बात करने पर जोर दिया तो सामने से जवाब मिला कि लड़की किसी और के साथ भाग गई है। इस अजीबो-गरीब जवाब को सुनकर युवक के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।
ऑनलाइन रिश्तों के झांसे में न आयें :
घटना के बाद खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित रवि कुमार बघेल तुरंत कोतवाली थाना पहुंचे। हालांकि पुलिस ने युवक को ऑनलाईन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। वहीँ इस घटना से पीड़ित युवक का कहना है कि जो उनके साथ हुआ वह किसी और के साथ न हो। लोग ऑनलाईन रिश्तों के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत की कमाई न गंवायें। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीँ इस मामले में पुलिस की कार्यवाही की उम्मीद नहीं है।



