सारंगढ़-बिलाईगढ़ : कई बार छोटे विवाद बड़े बवाल का कारण बन जाते है, ऐसे हु छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां तालाब में मछली पकड़ने की बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गये और दोनों में विवाद होने लगा। धीरे – धीरे यह मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और खूनी संघर्ष की स्थिति बन गई। इस घटना में बच्चे सहित कई लोग घायल हो गये।
बताया जा रहा है कि विवाद तालाब में मछली मारने को लेकर शुरू हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई है।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्यवाही की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। कभी – भी यह विवाद फिर से खड़ा हो सकता है, इसलिये पुलिस एहतियात बरत रही है।



