माणिक मेहता की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस। दूसरी तरफ लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरी करने वाले नाबालिग ने की आत्महत्या।

रायपुर : चर्चित मिक्की मेहता के भाई माणिक मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले के अनुसार सरोना स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के एक फ्लैट में मंगलवार दोपहर उनका शव मिला। पड़ोसियों ने दरवाजा खुला देखा तो आवाज देते हुए अंदर गए, जहां मानिक मृत मिले। इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मौत के कारणों की तलाश में जुट गई।

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी माणिक मेहता (56) पिछले एक साल से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रहते हुए एक एनजीओ चलाते थे। माणिक को सोमवार दोपहर आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से वे नजर नहीं आए। मंगलवार को दरवाजा खुला मिलने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो वे किचन के वॉश बेसिन में सिर के बल गिरे हुए मृत पड़े थे। यह घटना कैसे हुई किसी को कुछ पता नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि माणिक किचन में काम कर रहे थे। बर्तन साफ करने के दौरान वे सिर के बल वॉश बेसिन में गिर गये, जिससे उनकी मौत हुई होगी, हालाँकि इसे स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता। हालांकि, पुलिस मौत को संदिग्ध मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। माणिक के मोबाईल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। कुछ चैट मिले है, जिसकी जांच की जा रही है।

ज्वेलरी शॉप से लाखों की चोरी केस में आया नया मोड़ :

लक्ष्य ज्वेलर्स में लाखों रुपये की चोरी के मामले में एक बड़ा और गंभीर मोड़ सामने आया है। चोरी के मामले में नाम सामने आने के बाद एक नाबालिग आरोपी ने पुलिस की कार्यवाही के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस टीम जब आरोपी के घर जांच और पूछताछ के लिए पहुंची, उसी समय नाबालिग घर के अंदर मौजूद था। पुलिस को घर के बाहर देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपने कमरे में चला गया। मामले में बताया जा रहा है कि आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुछ ही समय बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।