स्थानीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी दुर्गेश साहू गिरफ्तार।

मुंगेली : राज्य में बलात्कार के मामले लगातार बढ़ रहे है, जिसका मुख्य कारण नशे को माना जा रहा है, वहीँ आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ की मुंगेली पुलिस को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे भगा ले जाने वाले आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके कब्जे से नाबालिग को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने युवती को बंधक बनाकर रखा हुआ था और उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था, जब युवती ने उसके चंगुल से छूटने का प्रयास किया तो उसे जान से मारने की धमकी और किसी से कुछ बताने से मना किया। इस पूरे मामले की कार्यवाही चिल्फी थाना क्षेत्र के चौकी डिंडौरी के अंतर्गत की गई है।

क्या है पूरा मामला?

इस मामले के अनुसार बीते 13 मई को पीड़िता के पिता ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है, युवती की पतासाजी करने पर उसकी कोई जानकारी नही मिल पाई। जिसके बाद शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चूंकि मामला नाबालिग बच्ची से जुड़ा हुआ था, इसलिये मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिये। पुलिस ने मुस्तैदी से युवती की खोजबीन शुरू की।

मुखबीर की सूचना पर हुई कार्यवाही :

पुलिस टीम लगातार तकनीकी सहायता और मुखबीरों के जरिए लड़की और अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी बीच पुलिस को मुखबीर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने ग्राम लीलापुर में दबिश दी। पुलिस ने वहां से आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील के कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। लड़की काफी हद तक घबराई हुई थी।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल :

जिसके बाद पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 20 वर्षीय आरोपी दुर्गेश साहू को तत्काल हिरासत में लिया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीँ पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्यवाही की जायेगी और पीड़ित तुरंत ही ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को दे।