कवर्धा : छत्तीसगढ़ में देह व्यापार चोरी-चुपके चल रहा है, राजधानी रायपुर में रात के 12 बजे के आसपास कई युवतियां बड़ी होटलों में पहुँचती है और गन्दा खेल शुरू हो जाता है, ऐसे कृत्य राज्य के हर शहर और गली में चल रहे है। इतनी सारी लॉज और होटलें देहव्यापार के लिये जगह देने और बार-रेस्टोरेंट के कारण चलती है। ऐसे ही छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जो चौंकाने वाला है। यहाँ अंबिकापुर की गुमशुदा युवती की तलाश के दौरान पुलिस ने घोटिया बाईपास स्थित एक मकान में दबिश दी। कार्यवाही के दौरान गुमशुदा युवती तो नहीं मिली, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवतियां और एक युवक मौजूद पाये गये, जो आपत्तिजनक कृत्यों में शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
छापे के दौरान नहीं मिली गुमशुदा युवती :
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर में दर्ज गुमशुदगी मामले की जांच के सिलसिले में कुछ लोग कवर्धा पहुंचे हुये थे। उन्हें सूचना मिली थी कि गुमशुदा युवती कवर्धा के घोटिया बाईपास रोड स्थित किरण पनागर के मकान में हो सकती है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्यवाही की, लें वहां का नजारा उम्मीद के बाहर था। पुलिस की दबिश के दौरान गुमशुदा युवती वहां नहीं मिली, लेकिन मकान में तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक पूछताछ में कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला केवल गुमशुदगी से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य नेटवर्क अथवा गतिविधि संचालित हो रही थी। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पूछताछ करने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी।
थाना प्रभारी का बयान :
इस मामले में कवर्धा थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि आज अंबिकापुर से कुछ सिविलियन मदद मांगने आये हुये थे। उनके परिजन की एक लड़की गुमशुदा है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। उन्हें सूचना मिली थी कि युवती कवर्धा में किरण पनागर के निवास पर होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद थाना कवर्धा पुलिस द्वारा सहयोग के रूप में छापामार कार्यवाही की गई।
उन्होंने बताया कि कार्यवाही के दौरान अंबिकापुर की संबंधित गुमशुदा युवती वहां नहीं मिली, लेकिन तीन लड़कियां और एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया। बताया गया है कि तीन युवतियों में से दो कोरबा की रहने वाली हैं और एक बिलासपुर की निवासी है। वहीं युवक कवर्धा का स्थानीय निवासी है। फिलहाल सभी से पूछताछ किये जाने की जानकारी मिली है।



