पति की प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिये महिला ने किया चौंकाने वाला काम, सामने आई ये जानकारी….।

दंतेवाड़ा : अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम प्रसंग के मामलों में कई बार खौफनाक मामले सामने आ जाते है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा पुलिस ने दो साल पहले लापता हुई रामदई कश्यप के कंकाल को बरामद कर उसके अंधे कत्ल की गुत्थी अब सुलझा ली गई है। रामदई की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। हत्या की ये सुपारी किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी पाण्डू करटम की पत्नी कमली करटम ने दी थी। इस मामले में कार्यवाही सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र द्वारा की गई है।

दरअसल, दो साल पहले रामदई कश्यप नाम की महिला अचानक गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिली और फिर कुछ समय बाद मामला ठंडा हो गया था, लेकिन दो साल बाद जब दंतेवाड़ा पुलिस ने पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोलीं, तब कॉल डिटेल्स में एक नाम बार-बार सामने आने लगा और वो था पाण्डू करटम। जिसको लेकर पुलिस को एक सुराग मिला।

कैसे रची हत्या की साजिश?

फिर जांच में खुलासा हुआ कि रामदई और पाण्डू के बीच नजदीकियां थीं। यह बात पाण्डू की पत्नी कमली करटम को नागवार गुजरती थी, जिसके बाद हत्या के तार नये सिरे से जुड़ने लगे। इसी के चलते उसने हत्या की साजिश रची। कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को पैसे देकर हत्या की सुपारी दी। योजना बेहद शातिर थी। पहले उसने अपने पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी को दंतेवाड़ा भेजा, ताकि रामदई की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

कैसे लगाया शव को ठिकाने?

बताया गया है कि देर रात हुंगाराम घर में घुसा और सो रही रामदई का मुंह के साथ गला भी दबा दिया, जिससे उसकी कुछ ही मिनटों में मौत हो गईं। इसके बाद आधी रात शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरा गया था और फिर पिकअप वाहन से उसे गांव तोयलंका ले जाया गया। इसके बाद गांव के पीछे बहने वाले नाले के किनारे गड्ढा खोदा गया और फिर रामदई के शव को वहां गाड़ दिया गया। लम्बे समय तक उसके बारे में पुलिस को कुछ भी पता नहीं चल पाया ।

पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार :

फिर अब इस कार्यवाही में दो साल बाद पुलिस उसी नाले तक पहुंची और दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई शुरू हुई। खुदाई के दौरान मिट्टी के नीचे से सफेद प्लास्टिक की बोरी दिखाई दी, जिसके अंदर से मानव कंकाल बरामद हुआ। ये कंकाल किसी और की नहीं बल्कि रामदई का ही था। अब पुलिस ने कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है। वहीँ पुलिस ने मामले का पटाक्षेप कर दिया है।