तखतपुर : न्यायधानी क्षेत्र में नाबालिग से घिनौनी हरकत का मामला सामने आया है, यहाँ शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को तखतपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी दूसरे राज्य भागने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने धर दबोचा है, आरोपी के खिलाफ एक नाबालिग युवती ने मामला दर्ज करवाया है।
यह मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी शनिराम ध्रुव उर्फ शनिराम गोड, निवासी ग्राम कुसमुली पिछले दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान पीड़िता आठ माह की गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया, जिससे पीड़िता को मानसिक आघात पहुंचा। पीड़िता की शिकायत पर तखतपुर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित छापामार कार्यवाही करते हुये आरोपी को कोटा बिलासपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय, नरेश निराला, सत्यार्थ शर्मा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों का योगदान रहा। पुलिस ने कहा अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।



