रायपुर : सट्टेबाजों पर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है, जिसमें राजधानी रायपुर की क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क पर कार्यवाही करते हुए दुबई से “नसीब बुक” संचालित करने वाले आरोपी सोनू फतनानी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को तिल्दा पहुंचने के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा गया। कार्रवाई में पुलिस ने उसके कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, सोनू फतनानी लंबे समय से दुबई में बैठकर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित कर रहा था। वह “नसीब बुक” नाम से सट्टा एप और नेटवर्क चला रहा था। इस नेटवर्क के जरिए छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में अवैध सट्टेबाजी का कारोबार फैलाया गया था।
इसके साथ ही रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने IPL ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोलकाता और हरियाणा तक दबिश दी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने 72 घंटे तक चले विशेष ऑपरेशन में 5 बड़े पैनल नेटवर्क ध्वस्त करते हुए कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 92 हजार 70 रुपए कैश, 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप और एक कार जब्त किया है। जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर बड़ी कार्यवाही की है, जिससे आगे भी सट्टेबाज सतर्क हो जायें।
यह कार्यवाही पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजानाला की मॉनिटरिंग में की गई। इस दौरान कोलकाता, गुरुग्राम, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दबिश दी गई थी। पुलिस ने बताया है कि आरोपी LOTUS365, Goldenexch, Lion4, Naseeb Book, Grandexch, Powerexch समेत कई ऑनलाईन पैनलों के जरिए IPL क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। ये लोग बार-बार वेबसाईट की लिंक बदलकर अपना काम चालू कर लेते है।
IPL के दौरान 13 पैनल नेटवर्क ध्वस्त :
रायपुर पुलिस ने बताया कि, कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद से अब तक ऑनलाइन सट्टा मामलों में 18 केस दर्ज कर 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति और सामग्री जब्त की गई है। पुलिस का दावा है कि IPL सीजन के दौरान कुल 13 बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। आगे भी कई बड़ी कार्यवाही होगी।
कोलकाता से 9 आरोपी गिरफ्तार :
थाना तेलीबांधा के मामले में पुलिस ने पहले नमन जग्गी, आयूप जैन और अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में कोलकाता में पैनल ऑपरेट होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कोलकाता में रेड कार्यवाही कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से 35 मोबाइल, 2 लैपटॉप और 8 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इस मामले का मुख्य आरोपी रायगढ़ के खरसिया निवासी अमन नत्थानी को बताया गया है, जो रायपुर और अन्य पार्टनरों के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहा था। ऐसे ही कई लोग आपसी मिलीभगत से इन कामों को अंजाम देते आ रहे है।
गुरुग्राम में भी चला ऑपरेशन :
न्यू राजेंद्र नगर थाना मामले में पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम में दबिश देकर 5 आरोपियों को पकड़ा। वहां से 14 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरोह ऑनलाइन आईडी बांटकर और पेमेंट गेटवे के जरिए करोड़ों का सट्टा कारोबार संचालित कर रहा था।
तिल्दा और मौदहापारा में भी कार्रवाई
तिल्दा नेवरा में NASEEB91 Book पैनल चलाने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनके पास से करीब 9.92 लाख रुपए बरामद हुए। वहीं मौदहापारा क्षेत्र में अमित जंघेल गिरोह पर कार्यवाही करते हुए 4 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी श्रीनगर और गोवा से ऑनलाइन पैनल संचालित कर रहे थे।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला के निर्देश पर सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही सट्टा नेटवर्क से जुड़ी संपत्तियों को अटैच करने की कार्यवाही भी करेगी। पुलिस का कहना है कि ऑनलाईन सट्टा युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर रहा है, इसलिए इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्यवाही जारी रहेगी। इसके साथ ही सवाल उठता है कि ये सब काम ऑनलाईन और सोशल मीडिया में हो रहे है, तब पुलिस क्या करती है?
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :
थाना तेलीबांधा में गिरफ्तार आरोपी :
- प्रदीप पटेल
- निसान हटिया
- राहुल शुक्ला
- दीपेश डलवानी
- लखन थावरानी
- आकाश सिंह राजपूत उर्फ छोटू
- लिखेश्वर साहू
- सुबोध राम
- अमन नत्थानी
- राम लालवानी
न्यू राजेंद्र नगर में गिरफ्तार आरोपी :
- सौरभ मुकीम
- करण पिंजानी उर्फ किट्टू
- शेख आसिफ
- इमाम अहमद
- भैरव कुमार
- राजीव कुमार
- सिकंदर यादव
- रविंद्र कुमार
- गुरदेव सिंह
थाना तिल्दा नेवरा में गिरफ्तार आरोपी :
- राहुल फतनानी
- गौतम पंजवानी
- किशन उर्फ सोनू हिंदुजा
थाना मौदहापारा में गिरफ्तार आरोपी :
- अजय उर्फ मोन्टू साहू
- मुकेश जंघेल
- अमित जंघेल
- रवि डेंगवानी



