रायपुर : डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराया बढ़ाने की मांग की है। महासंघ के पदाधिकारी परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मिलने पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही पार्ट्स की कीमतें भी लगातार बढ़ती ही जा रही है। जिससे सार्वजनिक परिवहन पर बड़ा असर पड़ रहा है।
इसको लेकर यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने कहा है कि प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में यात्री किराये में वृद्धि की गई थी। उसके बाद से ही बसों के संचालन खर्च में लगातार वृद्धि हुई है। वहीँ बीते 15 दिनों में डीजल के दाम 4 बार बढ़ चुके हैं। इसके अलावा बसों के चेचिस, बॉडी, टायर, बीमा, मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन सहित सभी खर्चों में वृद्धि हुई है। परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर व्हीकल फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य किया गया है, जिससे बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। संचालकों पर खर्च का भर लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
सामान्य में 50 % और एसी बसों में 30 % किराया बढ़ाने की मांग :
महासंघ ने कहा है कि 11 मार्च 2025 की अधिसूचना के बाद यात्री किराये में करीब 25 प्रतिशत तक कमी की गई थी, जबकि डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और 90 प्रतिशत से अधिक बस संचालक आर्थिक रूप से प्रभावित हो चुके हैं, खर्चों को चलाना मुश्किल हो रहा है। महासंघ ने मांग की है कि सामान्य यात्री बसों के किराये में 50 प्रतिशत और डीलक्स बसों के किराये में 30 प्रतिशत तक वृद्धि की जाये।
जानिये कितना बढ़ सकता है किराया :
प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने कहा कि रायपुर से जगदलपुर का वर्तमान किराया करीब 600 रुपए है, जो वृद्धि के बाद 700 से 750 रुपए तक हो सकता है। वहीं रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपए से बढ़कर करीब 75 रुपए तक पहुंच सकता है।
महासंघ ने सरकार से मांग की है कि सितंबर 2021 की किराया वृद्धि संबंधी व्यवस्था को फिर से लागू किया जाए और डीजल की कीमतों के आधार पर यात्री किराए में कमी या वृद्धि का स्थायी नियम बनाया जाये, जिससे बस संचालकों को राहत मिल सके।
यात्रियों ने बताई दूसरी बातें :
माचिस मीडिया के प्रतिनिधि ने जब भाटागांव बस स्टैंड में कुछ यात्रियों से पतासाजी की तो उन्होंने बताया कि पेट्रोल डीजल बढ़ने का हवाला देकर पहले ही बसों में अतिरिक्त किराये की वसूली शुरू हो चुकी है, जहाँ पहले 100 रूपये भाड़ा लगता था, वहीँ अब 120 लेना शुरू कर दिया गया है। धमतरी, बेमेतरा, राजनांदगांव का भाड़ा पहले 100 रूपये था , जिसे अब 10-20 रूपये बढ़ाकर लिया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य मार्ग के यात्रियों ने भी ऐसी ही शिकायतें की।



