रायपुर एयरपोर्ट हादसा में 10 दिन बाद हुआ मामला दर्ज, 22 फीट ऊंचाई से गिरा था इलेक्ट्रीशियन, पुलिस ने इसे बनाया आरोपी….।

रायपुर : माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर फॉल्स सीलिंग की मरम्मत के दौरान 22 फीट ऊंचाई से गिरकर इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई थी, जिससे वहां पर दहशत का माहौल बन गया था। अब जांच में लापरवाही पाये जाने पर माना पुलिस ने 10 दिन बाद ठेकेदार पर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, कुबेर चंद्र साहू (32) धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र के बिरेझर गांव का रहने वाला था। वह एयरपोर्ट परिसर में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान संविदा कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। गुरुवार को सिक्योरिटी होल्ड एरिया के फस्ट फ्लोर में फॉल्स सीलिंग रिपेयरिंग का काम करते समय वह अचानक नीचे गिर गया था। इस खौफनाक हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।

गर्मी और चक्कर आने से हुआ हादसा : एयरपोर्ट प्रबंधन

इस घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मामले में शुरुआती जानकारी में एयरपोर्ट प्रबंधन ने गर्मी और चक्कर आने को हादसे की वजह बताया था। हालांकि पुलिस जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है।

कर्मचारी की सुरक्षा में हुई थी लापरवाही : पुलिस

इस मामले में माना कैंप पुलिस के अनुसार, मेसर्स जय इंटरप्राइजेस के ठेकेदार ने कर्मचारी को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ऊंचाई पर काम कराया था। इसी लापरवाही के चलते कुबेर चंद्र साहू 22 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जिसके बाद कम्पनी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।