दुर्ग/भिलाई : अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमलाल कोसरेवाड़ा के निधन से पहले अस्पताल में बनाये गए एक वीडियो ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने जीवन के अंतिम समय में अस्पताल के बिस्तर से एक खास संदेश देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपचार के दौरान अस्पताल में बनाये गए इस वीडियो में पूर्व विधायक डोमलाल कोसरेवाड़ा गंभीर मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने वीडियो के माध्यम से कहा है कि वे सब कुछ अच्छी तरह जानते हैं। सामने वाला व्यक्ति क्या सोच रहा है और पर्दे के पीछे किस तरह की गतिविधियां कर रहा है, इससे वे बिल्कुल भी अनजान नहीं हैं।
बिना नाम लिये इशारों में साधा गया निशाना :
इस वायरल वीडियो की सबसे खास बात यह रही कि पूर्व विधायक ने अपनी बात तो खुलकर रखी, लेकिन उन्होंने किसी भी व्यक्ति का नाम लेने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें हर एक बात की पूरी जानकारी है, लेकिन वे संबंधित व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते। हालांकि, उनके इस सांकेतिक बयान से यह साफ जाहिर होता है कि वे किसी खास व्यक्ति या घटनाक्रम से बेहद आहत थे और अपने इस अंतिम संदेश के जरिए उस तक अपना कड़ा संदेश पहुंचाना चाहते थे।
राजनीतिक गलियारों में मची सुगबुगाहट :
जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, अहिवारा क्षेत्र सहित पूरे दुर्ग और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हलकों में भूचाल आ गया। लोग इस बात पर कयास लगा रहे हैं कि आखिर वह कौन व्यक्ति है जिसकी गतिविधियों का जिक्र पूर्व विधायक ने अपने अंतिम समय में किया। एक तरफ जहां उनके निधन से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है, वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। लोग उनके द्वारा जताए गए इस रहस्यमयी संकेत के मायने निकालने में जुटे हुए हैं।



