सोने चांदी के दामों में हुई भारी गिरावट, जानें आज के ताजा भाव।

नई दिल्ली : दिल्ली के सराफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत 2500 रुपये टूटकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बाद आज दुनियाभर के बाजारों में गिरावट देखने को मिली। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 2500 रुपये (1.53 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुईं। पिछले हफ्ते, शुक्रवार को सोने का भाव 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह दामों में कमी सामने आ रही है।

सोमवार को 5000 रुपये सस्ती हुई चांदी :

सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली और ये 5000 (लगभग 2 प्रतिशत) टूटकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,74,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ”सोने ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर रुख के साथ की, क्योंकि वीकेंड में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया और डॉलर को मजबूत किया।” उन्होंने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में हुई बढ़ोत्तरी का असर भी कीमती धातुओं पर पड़ा, जिससे सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो गई।  अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोने की कीमत लगभग 1 प्रतिशत टूटकर 4,504.97 डॉलर प्रति औंस रह गई। हालांकि, चांदी की कीमत में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और ये 75.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।