वृन्दावन/मथुरा (उ.प्र.) : जीवन जीने के लिए धर्म जीवन एक ऐसी कला और मार्गदर्शक है, जो व्यक्ति के जीवन में नैतिकता और सुकून लाती है। यह केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को एक अच्छा इंसान और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाता है। ऐसे में धर्म के प्रति आस्था जताते हुये भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का खिताब सफलतापूर्वक अपने नाम बरकरार रखा है और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। विराट कोहली भारत के सबसे ज्यादा लोकप्रिय बल्लेबाज है।
राधा केली कुंज आश्रम में किए दर्शन :
जानकारी के अनुसार विराट और अनुष्का वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे। आश्रम में दर्शन और आशीर्वाद लेने के बाद दोनों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। तस्वीरों में दंपति आश्रम से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर प्रशंसकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा आगरा हवाई अड्डे से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों को कार की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद वे वृंदावन के लिए रवाना हुये। उनका यह विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पहले भी कई बार पहुंच चुके हैं वृंदावन :
विराट और अनुष्का पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से वृंदावन जाते रहे हैं। दोनों कई अवसरों पर प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। यह दंपति अक्सर अपने जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व का उल्लेख करता रहा है और कई धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में भी साथ दिखाई देता है, ये दोनों हमेशा धार्मिक कार्यक्रमों में भावुकता से भाग लेते रहते है। आरसीबी की ऐतिहासिक जीत के बाद अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर विराट कोहली के साथ एक विशेष तस्वीर साझा की। फोटो में विराट ट्रॉफी थामे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अनुष्का उनके माथे पर प्यार जताती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने पोस्ट के साथ कोई संदेश नहीं लिखा और केवल ट्रॉफी, दिल तथा हाथ जोड़ने वाले इमोजी साझा किये है।
आरसीबी की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक जश्न का माहौल देखने को मिला, जिसमें विराट और अनुष्का की यह आध्यात्मिक यात्रा भी चर्चा का विषय बन गई है। लम्बे समय से ये दोनों प्रेमानंद महाराज के भक्त रहे है।



