रायपुर : भीषण गर्मी से हलाकान राजधानीवासी अब मानसून की राह देख रहे है। राजधानी में सोमवार देर रात तेज बारिश हुई, जिसने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीँ मौसम विभाग ने इसे मानसून पूर्व की बारिश बताया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की संभावना है। इसके लिए परिस्थियां अनुकूल बनी हुई है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई मुख्य बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को हल्की से माध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गरजने और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 11 जून से यह गतिविधि बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है, बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेमी पानी गिरा। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान अंबिकापुर 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीँ मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैली ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बनी हुई है। एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तरपूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओड़िशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर स्थित है। जल्द ही मौसम में बड़ा बदलाव होगा ।



