दर्दनाक हादसा आया सामने, गर्मी से बचने कूलर में पानी भरने के दौरान, करंट लगने हुई मौत।

जशपुर : जरा से लापरवाही जिन्दगी छीन सकती है, किसी भी उपकरण से काम करते समय सावधानी बरतें, वहीँ हो सके तो बिजली उपकरण का प्लग निकाल दें, वहीँ आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहाँ लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तारागढ़ में करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है, जिससे परिजन गमगीन है।

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, अपने घर के कूलर में महिला पानी भर रही थी, इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल महिला को करंट प्रवाहित कूलर से अलग किया।

इसके बाद तुरंत महिला को सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले की आगे की जांच करने की बात कही है। साथ ही कूलर में पानी भरने के दौरान प्लग अलग करने की चेतावनी भी दी है।