दुर्ग/भिलाई : राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के हर जगह, शहर और गांवो में अवैध मजारें और मदरसे बने हुये है, जिन पर आये दिन कार्यवाही की जानकारी सामने आती रहती है। इसी को लेकर भिलाई नगर निगम ने अवैध कब्जा पर बड़ी कार्यवाही की है। यहाँ अयप्पा नगर स्थित आनंद विहार और उल्लास नगर की डेढ़ एकड़ ईडब्ल्यूएस की जमीन पर हुए कब्जे को आज 12 साल बाद हटाया गया है। यहां पर कब्जाधारियों ने एक मदरसा बना रखा था। साथ ही मकान भी बनाये गये थे। वहीं शिव पब्लिक स्कूल ने भी बाउंड्रीवॉल का निर्माण कर लिया था। नगर निगम ने आज बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया है, यह कार्यवाही कोर्ट के आदेश के बाद हुई है।
इस कार्यवाही के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ। इस पूरी कार्यवाही को निगम ने एक योजनाबद्ध तरीके के तहत अंजाम दिया। चार थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम, तहसीलदार एवं निगम प्रशासन की टीम की उपस्थिति में यह पूरी बुलडोजर कार्यवाही की गई है। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां सुबह से ही पुलिस ने अतिक्रमण वाले क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया था और करीब चार लेयर में यहां पुलिस बल को तैनात किया गया था। मुस्लिम समाज का मदरसा होने के कारण कड़े विरोध की आशंका थी।
अवैध कब्जा हटाने 2014 से प्रयास कर रहा था निगम :
वहीँ इस मामले में निगम आयुक्त राजीव पांडे ने बताया कि 2014 से लेकर 2025 तक लगातार निगम प्रशासन यहां अवैध कब्जा हटाने को लेकर प्रयास कर रहा था, लेकिन हमेशा असफल रहा। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद ईडब्ल्यूएस की जमीन को खाली करने उन्होंने कलेक्टर सहित एसएसपी दुर्ग को सुरक्षा एवं सहयोग के लिए पत्र लिखा था, जिसके बाद आज यह पूरी कार्यवाही संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि आनंद विहार और उल्लासनगर कॉलोनी बनने के दौरान ईडब्ल्यूएस की 15% जमीन जो करीब सवा एकड़ की थी वह छोड़ी गई थी और वहां प्रधानमंत्री आवास बनने थे, लेकिन कब्जाधारियों की वजह से पीएम आवास नहीं बन पाये है। अब यहां गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे।



