महिलाओं से लूट और चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह का खुलासा, नवीन साहू सहित 6 गिरफ्त में।

बिलासपुर : लूटपाट करने वाले लोगों के निशाने पर अक्सर महिलायें और युवतियां होती है, ऐसे में महिलाओं में दहशत का माहौल बन जाता है, वहीँ बिलासपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर लूट और चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। ओड़िशा से आये हुये इन बदमाशों का यह गिरोह स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर शहर में चैन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले का खुलासा एसएसपी रजनेश सिंह ने किया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी थी, महिलाओं में इसको लेकर काफी दहशत का माहौल बना हुआ था। वहीँ बदमाश सुबह के समय महिलाओं को अकेला पाकर उन्हें अपना शिकार बनाते थे, जिससे डर का माहौल बन रहा था।

सीसीटीवी से आरोपियों का खुला राज, बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद :

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से यह सामने आया कि इन वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। जांच में पता चला कि ये अपराधी ओड़िशा से आकर स्थानीय सहयोगियों के घरों में ठहरते थे और सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। इस घटना में उपयोग की गई बिना नंबर की स्कूटी को भी बरामद कर लिया गया है। ये लगातार लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

6 आरोपी गिरफ्तार :

इन सभी गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं के साथ लूट और स्नैचिंग की तीन वारदातों को स्वीकार किया है। यह गिरोह संगठित होकर विभिन्न राज्यों में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था, जिसके चलते अब इन पर आपराधिक षड्यंत्र की धारायें भी जोड़ दी गई हैं। उनके अन्य फरार साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अपराधियों पर लगाम कसने की बात कही है।