राजधानी के कोचिंग संस्थानों में मिली गंभीर खामियां, निगम ने दिया अल्टीमेटम।

रायपुर : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ में भी एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है, जिसको लेकर प्रशासन ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रायपुर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का किया गया परीक्षण :

इसको लेकर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर 23 और 24 जून 2026 को दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया है। इस दौरान शहर के 7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रवेश और निकास व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, फायर एनओसी, अग्निशामक यंत्र, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की सुरक्षा, क्षमता अनुरूप संचालन और अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया है।

इस जांच के निरीक्षण में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन में अधिकांश आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध पाई गईं है। हालांकि, कुछ संस्थानों में वेंटिलेशन एवं क्षमता अनुरूप संचालन के संबंध में सुधारात्मक सुझाव दिये गये हैं।

इन 4 कोचिंग संस्थानों में मिली गंभीर खामियां :

अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में विभिन्न सुरक्षा मानकों से संबंधित गंभीर कमियां पाई गईं है। इन सभी संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया है।

अग्निशमन विभाग ने गंभीर कमियां पाए जाने वाले संस्थानों के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की अनुशंसा की गई है। इसके साथ ही संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर सभी जरूरी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही संबंधित जोन अधिकारियों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग और अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये हैं।

रायपुर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित संस्थानों का पुनः निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

जांच के दौरान टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक स्टूडेंट्स के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा वेंटिलेशन संबंधी कमियां भी सामने आईं। हालांकि, अन्य सुरक्षा मानक और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

यह निरीक्षण अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में शासन के सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा करना था। निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंता, अग्निशमन विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।