रायपुर : मौसम में बदलाव नहीं हो रहा है, और बारिश भी नहीं हो रही है, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता के भाव सामने आ रहे है, वहीँ छत्तीसगढ़ में कुछ क्षेत्रों में बादल बरस रहे हैं, तो कहीं भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में बारिश नहीं हो रही है, जिसके कारण गर्मी और उमस से लोग परेशान है, आज से आषाढ़ मास शुरू हो रहा है, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीदें हैं। राजधानी में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने एक जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की पिछली भविष्यवाणियां गलत साबित हुई है, ऐसे में बारिश की उम्मीद कम है ।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में कुछ जगहों पर देर रात से मध्यम वर्षा हुई है, वहीँ आंकड़ों के अनुसार सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपट्टनम, तोकापाल, तिल्दा, मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा, जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया, गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
सिनोप्टिक सिस्टम :
मौसम विज्ञानी के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा और उत्तरप्रदेश से होते हुए बिहार तक स्थित है। यहाँ एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी तेलंगाना और आस-पास के क्षेत्रों में बना हुआ है और अब यह समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, अधो हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम से होते हुए मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इनके प्रभाव से प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात और भारीवर्षा की चेतावनी दी गई है। वहीँ अब आगे बारिश की उम्मीद है।



