कटघोरा (कोरबा) : पानी से भरे कूलर में कई बार करंट दौड़ रही होती है, जिसका अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना हो जाती है, ऐसे ही एक मामला सामने आया है, जहाँ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेलते समय कूलर में करंट आने से 10 माह के एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई है, इस घटना से परिजन गमगीन है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक मासूम की पहचान जटगा मोड़ (कसनिया) निवासी अमर सिंह के इकलौते बेटे दक्ष के रूप में हुई है।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, मासूम दक्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह कूलर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने देर रात करीब 12 बजे जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए मर्ग कायम किया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मासूम की असामयिक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है, परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



