चोरी के आरोप से प्रताड़ित छात्रा ने की खुदकुशी, पुलिस ने IC मार्ट को किया सील।

बैकुंठपुर : कोरिया में एक छात्रा ने कथित तौर पर IC मार्ट प्रबंधन द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली है। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि खरीदारी के दौरान छात्रा और उसकी बहन पर चोरी का आरोप लगाकर रोका गया था। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या का यह दर्दनाक मामला सामने आने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद परिजनों ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाये हैं। जिसके बाद पुलिस ने संबंधित मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई हुई थी। जिसको लेकर परिजनों का आरोप है कि दोनों पर चोरी का आरोप लगाकर काफी देर तक रोका गया था। उनसे सामान की सूची बनवाई गई और छात्रा से लिखित रूप में यह स्वीकार भी कराया गया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से चोरी की है, जिससे युवती काफी शर्मिंदा महसूस करने लगी।

परिजनों के आरोप :

इसको लेकर मृतका के पिता, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, का कहना है कि जब वे मार्ट पहुंचे तो उनसे पहले 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये देने की मांग की गई थी। उनका यह भी आरोप है कि छात्रा की स्कूटी भी मार्ट प्रबंधन ने अपने कब्जे में रख ली और पैसे दिये बिना लौटाने से मना कर दिया था। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक अवसाद में चली गई थी और लगातार मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

वहीँ बुधवार 8 जुलाई को दोपहर में छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि कथित अपमान, दबाव और वसूली की मांग से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।  पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर जांच कर रही है कि छात्रा पर किस प्रकार का दबाव बनाया गया, क्या उससे जबरन कोई लिखित बयान लिया गया, पैसों की मांग और स्कूटी रोकने के आरोपों में कितनी सच्चाई है तथा आत्महत्या के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।