रायपुर : आपराधिक क्षेत्र में अब युवतियों का भी बोलबाला हो गया, उनको तो क़ानूनी रूप से भी प्राथमिकता दी जाती है, जिसका वो गलत फायदा उठाने से भी नहीं चूक रही है, ऐसे ही राजधानी रायपुर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की उगाही करने और लगातार ब्लैकमेल करने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क में रहीं :
सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी की मई 2026 में गुढ़ियारी क्षेत्र में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से मुलाकात हुई थी। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों युवतियों ने पहले नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगी थी। इसके बाद वे लगातार फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क में रहीं और मिलने का दबाव बनाती रहीं।
परिवार व कार्यालय में बदनाम करने की धमकी :
पीड़ित युवक के अनुसार, 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने सिगरेट पीने का आग्रह किया था। इसके बाद उसे और उसके साथी को चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उनकी फोटो और वीडियो बना लिये गये। जिसके बाद अगले दिन युवतियों ने फोन कर गलत हरकत का आरोप लगाया और मामला दबाने के बदले रुपये की मांग की। इसके साथ ही पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने और परिवार व कार्यालय में बदनाम करने की धमकी भी दी, जिसके बाद युवक घबरा गया और परेशान रहने लगा।
25 हजार लेने के बाद भी करती रहीं पैसों की मांग :
शिकायत में कहा गया है कि लगातार मिल रही धमकियों से डरकर 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास पीड़ित ने अपने मित्र के साथ दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दे दिये। इसके बावजूद वो दोनों उसे लगातार परेशान करती रही और रुपये मांगती रहीं। आरोप है कि एक जुलाई को उन्होंने कार में रखे नकदी से भरे बैग पर हाथ साफ करने की कोशिश की।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू :
इसके बाद 10 जुलाई को वो दोनों युवतियां दोनों युवक के कार्यालय पहुंचीं और स्टाफ के सामने गाली-गलौज करते हुए पैसे नहीं देने पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाईल कॉल डिटेल, चैट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। युवक की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने गुढ़ियारी की दो युवतियों के खिलाफ एक्सटार्सन का अपराध दर्ज किया है और मामले की जांच कर रही है।



