डेली नीड्स की आड़ में गांजा बेचते पकड़ाया भीमलाल साहू, 43 पुड़िया और नगद राशि बरामद।

बलौदा बाजार : बढ़ते अपराध की जड़ नशा है और नशे के सौदागर चंद पैसे कमाने की लालच में छत्तीसगढ़ के युवाओं को नशे का अदि बना रहे है, शराब, नशीली दवायें, अफीम और गांजा राज्य में बड़ी मात्रा में बिक रहा है। ऐसे ही एक मामले में छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पलारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहाँ पुलिस ने डेली नीड्स दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 185 ग्राम गांजा और बिक्री की नगद राशि बरामद की है, बताया जा रहा है कि यह दुकान की आड़ में गांजा बेचता था।

ग्राहकों को बेच रहा था गांजा :

इस मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुखबीर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 6, स्टेडियम पारा पलारी निवासी भीमलाल साहू (44 वर्ष) अपनी डेली नीड्स दुकान में अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रहा है। मामले की सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली।

43 पुड़िया गांजा बरामद :

तलाशी के दौरान दुकान के भीतर रखी एक प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखा काले रंग का पॉलिथीन मिला था। पॉलिथीन खोलने पर उसमें 43 पुड़िया गांजा बरामद हुआ है। जिसका तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 185 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2,300 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद भी जब्त किये हैं, जिसके बाद कार्यवाही कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी :

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पलारी में अपराध क्रमांक 301/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्यवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पलारी पुलिस की यह कार्रवाई की गई, जिसमें थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।