आरंग : राजधानी में छोटे – बड़े हादसे रोजाना के हिसाब से लगभग 50 – 60 सामने आ रहे है, जिनमें अधिकांश लोग मौत के मुंह में जा रहे है, ऐसे ही एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें नेशनल हाईवे 53 (NH-53) पर मंदिर हसौद पुलिस थाना के ठीक सामने आज एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हुआ है। तेज गति से आ रहे एक भारी कंटेनर, रायपुर जा रही यात्री बस और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन डायल 112 के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें तीनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस घटना में सबसे बड़ी गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे में किसी भी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई, जबकि अधिकांश का बचना मुश्किल हो जाता है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ की टीम पलौद मोड़ की तरफ से नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर वापस मंदिर हसौद थाने लौट रही थी। जैसे ही डायल 112 का वाहन थाने के सामने हाईवे से अंदर मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बड़े कंटेनर ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। कंटेनर की रफ्तार इतनी ज्यादा तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान, कंटेनर के ठीक पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। जिससे तीनों वाहन टकरा गये।
वाहनों के उड़े परखच्चे, मची चीख-पुकार :
यह टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। डायल 112 की गाड़ी का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है, और इंजन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके साथ ही किरण बस का सामने का हिस्सा (फ्रंट बंपर और विंडशील्ड) बुरी तरह टूट गया। इस खौफनाक हादसे के समय बस में यात्री सवार थे, जिससे अचानक हुए झटके के कारण बस के भीतर कुछ समय के लिए चीख-पुकार मच गई। वहीं कंटेनर का पिछला दरवाजा और बॉडी भी इस टक्कर में क्षतिग्रस्त हो गये। इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया था, लगभग ढाई माह पूर्व भी इस रास्ते में बस हादसा हुआ था, जिसमें डॉ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे, एक व्यक्ति का इलाज के दौरान हाथ भी काटना पड़ा था।
नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम :
यह हादसा थाना के ठीक सामने होने के कारण मंदिर हसौद पुलिस तुरंत हरकत में आई। दुर्घटना के फौरन बाद व्यस्त नेशनल हाईवे 53 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। थाना प्रभारी और पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सभी वाहनों से यात्रियों और चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, हादसे के समय काफी भीड़ जमा हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटाकर किनारे किया और तत्परता दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू रूप से दुरुस्त कराया।



