रायपुर : कानून की कमजोरी कहें या बदमाशों का दुस्साहस? लेकिन ये तो तय है कि अपराधी बेख़ौफ़ है, जो आये दिन अपराध को अंजाम दे रहे है, ऐसे ही एक मामला सामने आया है, जिसके अनुसार पीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र को हिस्ट्रीशीटर ने चाकू मारकर उससे मोबाईल लूट लिया। छात्र को चाकू मारने के बाद उसने धमकी देते हुए कहा कि तुम मेरे खिलाफ रिपोर्ट कर भी दोगे तो मेरा कुछ नहीं होगा, मैं कई बार जेल जा चुका हूं, 15 दिन में जेल से छूट जाऊंगा, इस तरह उसने छात्र को धमकी भी दी। यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बूढ़ी माई मंदिर के पास मंगलवार देर रात की बताई गई है।
मामले के अनुसार अम्लीडीह पुलिस कालोनी निवासी सूरज सिंह धुर्वे जो अपने दीदी-जीजा के यहां रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा है, उस छात्र के साथ राजेंद्र नगर थाना के हिस्ट्रीशीटर विशाल नेताम ने लूट की है। छात्र ने पुलिस को बताया है कि घटना दिनांक की रात 11.40 बजे वो अपनी स्कूटी से पढ़ाई करने मोतीबाग स्थित तक्षशिला जा रहा था। इस दौरान वो बूढ़ी माता मंदिर चौक के पास पहुंचा, तभी एक युवक ने उसकी स्कूटी के सामने आकर रास्ता रोक लिया था।
सूरज के घायल होने पर आरोपी उसका मोबाइल छीनकर भाग निकला :
मामले में हुई शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चाकू दिखाकर मोबाईल फोन मांगा। सूरज ने मोबाईल देने से इंकार किया, तो आरोपी ने उनके बाएं पैर की जांघ के पीछे चाकू मार दिया। घायल होने पर आरोपी उसका मोबाईल छीनकर भाग निकला। इसको लेकर छात्र का आरोप है कि भागते समय आरोपी ने अपना नाम विशाल नेताम बताते हुए कहा कि वह राजेंद्र नगर का रहने वाला है, कई बार जेल जा चुका है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अब आरोपी को पकड़ने पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फूटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी कोज्ल्ड ही पकड़ लिया जायेगा।



