53 पेटी अवैध देसी मदिरा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।

धमतरी : नशे के कारोबारियों और शराब कोचियों पर पुलिस की लगातार कार्यवाही से कई आरोपी पकड में आ रहे है, ऐसे में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की है। वहीँ अवैध शराब के काले कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत की 53 पेटी देसी शराब बरामद की है। इस मामले में कार्यवाही अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव के अंतर्गत की गई है।

इस कार्यवाही को लेकर एसपी भावना पांडेय ने बताया है कि दो शातिर आरोपी खिलावन और कमलेश अपने घर में अवैध शराब का जखीरा छिपाकर रखे थे और उसे खपाने की फिराक में बैठे थे। पुलिस को मुखबीर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में भारी मात्रा में देसी शराब की पेटियों की जमाखोरी की गई है।

आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस :

मामले की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने बिना देर किए मकान पर छापामार कार्यवाही की, जिससे आरोपियों में हड़कम्प मच गया। छापेमारी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई जब घर के अंदर से 53 पेटी देसी शराब का जखीरा बरामद हुआ है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत दो लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। अब सवाल ये है कि क्या यह सिर्फ दो छुटभैये तस्करों का खेल है या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट है। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

बड़े नेटवर्क का हाथ होने की आशंका :

मामले की शुरुआती जांच में इस बात के पुख्ता संकेत मिल रहे हैं कि इस अवैध शराब की जमाखोरी और सप्लाई के पीछे एक बड़े नेटवर्क का हाथ है। धमतरी में नशे की इस सप्लाई चेन को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस अब इस सिंडिकेट की गहराई तक जाने की तैयारी कर रही है। जल्द ही इस अवैध नेटवर्क के बड़े चेहरों से भी पर्दा उठ सकता है। पुलिस उनकी भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।