कार्बन फैक्ट्री में आगजनी, बायलर फटा, मजदूरों में दहशत।

कोरबा : कारखानों में कई बार दुर्घटनायें सामने आती रहती है, जो हर समय मजदूरों की जान जोखिम में डाले रहती है, वहीँ अब फिर से ऊर्जाधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्बन फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। बायलर में धमाका होने पर फैक्ट्री में काम कर रहे 30 से 40 मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई, जिससे मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया है। काफी प्रयासों से आग बुझाने में दमकलकर्मी जुटे रहे। आग पर काबू पाने की कवायद जारी रही।

इस घटना की सूचना पर मौके पर कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गये, वहीँ घटना के बाद राहतकार्य की जानकारी देते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दमकल वाहन की मदद से आग पर काबू पाने प्रयास किया जा रहा है अब तक किसी तरह की जनहानि की कोई संबंधित सूचना नहीं मिली है, जिसके बाद एहतियातन फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। वहीं फैक्ट्री में आग लगने से क्षेत्र काले धुंआ से भर गया है। इस घटना से मजदूरों सहित आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।