लगातार बारिश से राज्य में जनजीवन अस्त व्यस्त, उफान पर नदियां, सालों बाद बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उपर तक चढ़ा पानी।

रायपुर : बारिश लगातार बढ़ती ही जा रही है, कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, तो वहीँ कई जगहों पर कम-ज्यादा लेकिन लगातार बारिश हो रही है, वहीँ प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से नदियां उफान पर है। इसकी एक झलक राजिम धाम में देखने को मिल रही है, जहां महानदी का जलस्तर बढ़ने से सालों बाद त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी चढ़ा है। यह घटना काफी लम्बे समय बाद हुई है।

इसके साथ ही गरियाबंद जिले में भी लगातार 60 घंटे से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने के कारण राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी चढ़ा है, इधर बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है, तो कई जगहों से लोगों को बचाया जा रहा है, कई क्षेत्रों में लोग फंसे हुये है, वहीँ नदी के तटीय क्षेत्र और निचली बस्तियों में सतर्क रहने के मुनादी भी करवाई जा रही है।

इधर भारी बारिश की वजह से गरियाबंद जिले में पैरी नदी भी काफी उफान पर है, जिसकी वजह से नेशनल हाइवे 130 सी में बीते 24 घंटे से वाहनों की आवाजाही बाधित है, वहीँ हालत यह है कि भारी बारिश की वजह से हाइवे पर पंटोरा के पास जलभराव की वजह से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यात्री बसों के पहिये थम गए हैं। कई जगहों पर बसों को आगे बढ़ने पर काफी खतरा है, तो वहीँ रुके रहने से उनके खाने – पीने की दिक्कत भी है, इसको लेकर प्रशासन ने एहतियातन बेरिकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

वहीं बात करें दंतेवाड़ा जिले की लगातार बारिश से भैरमगढ़ के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसकी वजह से वाहनों का आवागमन बाधित हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

महादेव घाट पर पुल तक पहुंचा पानी :

इधर लगातार बारिश से रायपुर में भी नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन यहाँ भी काफी अस्त-व्यस्त हो गया है, मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों तक मौसम इसी प्रकार से रहेगा। लगातार बारिश से खारुन नदी में पानी का बहाव इतना ज्यादा है कि महादेव घाट पर नदी के ऊपर बने पुल तक पानी पहुंच चुका है। आसपास के क्षेत्रों में पानी लगातार बढ़ता ही जा रहा है, वहीँ खारुन नदी तट पर सावन मास के धार्मिक महत्व को लेकर लोग महादेव घाट भी पहुँच रहे है, जो नदी के बहाव का आनन्द ले रहे है।