गाज़ियाबाद (उ.प्र.) : सावन का महिना शुरू हो गया है और कांवड़िये भोलेनाथ के दर्शन के लिये निकले है, वहीँ कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने गांव राजस्थान जा रहे एक कांवड़िये ने आरोप लगाया है कि इमरान खान नाम के एक व्यक्ति की वजह से उसकी कांवड़ खंडित हो गई। जिसको लेकर जानकारी मिली है कि 21 तारीख से भूखे-प्यासे जल लेकर चल रहे शिवभक्त का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उसने आरोप लगाया है कि उसकी इतनी लंबी साधना को खराब कर दिया गया। जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया था, मुस्लिम युवक पर कांवड़ छूने का आरोप लगाकर उसकी जमकर पिटाई की गई। बीच सड़क थप्पड़-घूसे बरसाये। कांवड़िया बोला- पूरी यात्रा नियमों के साथ कर रहा था।
हालांकि पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ना सिर्फ मामले को शांत कराया बल्कि खुद नये गंगाजल और कांवड़ की व्यवस्था करवाकर शिवभक्त को उसकी मंजिल की ओर रवाना किया गया, इस घटना ने बड़े बवाल का स्वरूप ले लिया था।
गाजियाबाद में कैसे बिगड़ा माहौल?
यह मामला गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित गुलधर का है। बताया गया है कि राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला एक कांवड़िया 21 तारीख की सुबह 5 बजे हरिद्वार से पवित्र गंगाजल उठाकर पैदल अपने गांव के शिवालय के लिए निकला था। 10 तारीख को जलाभिषेक करने के लक्ष्य से चल रहे इस कांवड़िये की कांवड़ गुलधर के पास कथित तौर पर इमरान खान नाम के एक शख्स से छू गई, जिसके बाद कांवड़ खंडित होते ही मौके पर अफरातफरी और लोगों में काफी आक्रोश फैल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो :
इस घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीड़ित कांवड़िया रो-रोकर अपना दर्द बयां करते हुए कह रहा है ‘मैंने 21 तारीख से अब तक सिर्फ तीन स्टॉप लिये थे ताकि समय पर पहुंचकर जल चढ़ा सकूं, लेकिन गाजियाबाद में मेरी सारी मेहनत और साधना खराब कर दी गई।’ कांवड़िये के आंसुओं और गुस्से को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण होने लगी, लोगों ने काफी आक्रोश जताया और घटना की जानकारी पुलिस तक पहुँच गई।
पुलिस ने दोबारा तैयार कराई कांवड़ :
is हंगामे की सूचना मिलते ही मधुबन बापूधाम थाने की पुलिस टीम और गश्त पर निकले अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे, वहीँ पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कांवड़िये की धार्मिक आस्था का पूरा सम्मान किया ‘पुलिसकर्मियों ने तुरंत नए पवित्र गंगाजल और नई कांवड़ का प्रबंध कराया गया और पूरी विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ कांवड़ को फिर से तैयार करवाया गया, जिसके बाद संतुष्ट होकर कांवड़िया दोबारा अपनी यात्रा पर आगे बढ़ा और विवाद शांत हुआ।
पुलिस ने की अपील :
इस मामले को लेकर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया था और किसी भी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया गया है, इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलायें और शांति व सौहार्द्र बनाये रखें।



