मैं हूँ “NEWS” लेकिन फेक नहीं, एसआई भर्ती में युवक ने बताई चौंकाने वाली बात, सामने आया ये मामला….।

रायगढ़ : कई बार कुछ ऐसे मामले सामने आते है, जो चौंकाते भी है और हैरान भी करते है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में एक ऐसा नाम सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर अलग ही चर्चा छेड़ दी है। रिजल्ट में ‘न्यूज़ कुमार प्रधान’ का नाम देखकर कई लोगों ने इसे टाइपिंग की गलती माना है। तो वहीं कुछ राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया। लेकिन जब अभ्यर्थी से बात की गई तो सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई ने सभी की गलतफहमी दूर कर दी।

नाम नहीं, पहचान है ‘न्यूज़’ :

जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के भाठनपाली गांव निवासी न्यूज़ कुमार प्रधान ने बताया कि उनका नाम किसी तकनीकी त्रुटि का परिणाम नहीं, बल्कि उनके माता-पिता द्वारा रखा गया वास्तविक नाम है। उनके जन्म के समय पंडित ने नाम ‘न’ अक्षर से रखने की सलाह दी थी। जिसके बाद परिवार ने उनका नाम ‘न्यूज़’ रखा। यही अनोखा नाम आज उनकी अलग पहचान बन चुका है। इसको लेकर न्यूज़ कुमार बताते हैं कि पहली बार उनका नाम सुनने वाले लेग अक्सर चौंक जाते हैं। और कई बार इसे मजाक या गलती समझ लेते हैं। हालांकि, यही अलग नाम उन्हें भीड़ से अलग पहचान भी दिलाता है। जो भी उनसे एक बार मिलता है। उनके नाम को आसानी से नहीं भूलता है, ऐसे में अब यह नाम मेरी पहचान बन चुका है।

रिजल्ट के बाद लगातार आ रहे कॉल और मैसेज :

CGPSC सब-इंस्पेक्टर प्री परीक्षा में सफलता मिलने के बाद न्यूज़ कुमार के पास लगातार फोन कॉल और संदेश आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके नाम को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, वे मानते हैं कि इस अचानक मिली प्रसिद्धि के कारण कुछ असुविधाओं का भी सामना करना पड़ रहा है। वहीँ अब न्यूज़ कुमार का कहना है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान CGPSC सब-इंस्पेक्टर की मुख्य परीक्षा की तैयारी पर है। उनका लक्ष्य मेंस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर अंतिम चयन हासिल करना है।