सोशल मीडिया पर भ्रामक विडियो वायरल करने पर दो आरोपी गिरफ्तार।

धमतरी : सोशल मीडिया पर अफवाहें फ़ैलाने और गलत जानकारियाँ शेयर करने के कई मामले सामने आते रहते है, जिसके कारण कई बार विवाद खड़े होते है अथवा किसी की छवि खराब होती है, ऐसे ही भाजपा के झंडे से जुड़े एक पुराने वीडियो को एडिट कर उसे तिरंगे के अपमान से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से प्रसारित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाईल फोन जब्त किए हैं तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की है, जिसके बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गये है।

प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं ने फहराया था पार्टी का झंडा :

सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 336(4) एवं 353(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। इसको लेकर आरोप है कि इसी मूल वीडियो को News Banao App के माध्यम से एडिट कर उसमें “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा” जैसा भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर Instagram एवं Facebook पर वायरल किया गया था, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया था।

मोबाइल फोन में मिले सुराग :

इस मामले की जांच के दौरान आरोपियों के मोबाईल फोन की जांच में वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले थे। पुलिस के अनुसार, डिलीट किये गये वीडियो के प्रमाण Instagram के Recently Deleted सेक्शन से भी प्राप्त हुये, जिन्हें सुरक्षित किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर भुनेश्वर निराला (25) एवं राकेश निराला (32), दोनों निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लगभग 45 हजार रुपये कीमत के दो मोबाईल फोन जब्त किये गये। वहीँ इन दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वीडियो या समाचार को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। एडिटेड या भ्रामक सामग्री प्रसारित करना कानूनन अपराध है।