महासमुंद : जिले में अवैध नगदी के खिलाफ चल रही जांच के दौरान बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहाँ बड़ी रकम पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस ने पदमपुर रोड पर एक अर्टिगा कार की तलाशी के दौरान करीब 12 लाख रुपये की संदिग्ध नगदी बरामद की है। रकम के संबंध में वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने नगदी सहित कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिये गये है, प्रथमदृष्टया इसे हवाला से सम्बंधित रकम माना जा रहा है, बाकी जांच के बाद ही खुलासा होगा।
चेकिंग के दौरान रोकी गई अर्टिगा कार :
पुलिस ने बताया है कि 26 अगस्त की रात पदमपुर रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने अर्टिगा कार क्रमांक OD 03 Q 8419 को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन में ओडिशा निवासी 32 वर्षीय करूणा नाईक सवार था। तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे एक थैले से 11 लाख 98 हजार 300 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस ने जब चालक से इतनी बड़ी रकम के संबंध में पूछताछ की और वैध दस्तावेज मांगे, तो वह रकम से जुड़े आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार और दो मोबाइल भी जब्त :
नगदी के साथ पुलिस ने करीब 8 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक पूरी कार्रवाई में कुल 20 लाख 8 हजार 300 रुपये की जब्ती हुई है। इसके साथ ही नगदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में संबंधित व्यक्ति को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि रकम से जुड़े दस्तावेज और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ ही संदिग्ध रकम के लेनदेन और परिवहन [आर लगातार निगाह रखी जा रही है।



