कवर्धा : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सामने आये मामले के अनुसार चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जाँच के दौरान पता चला है कि तस्करी के लिए गांजे को कंटेनर ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जो काफी मात्रा में है।
गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा :
इस मामले में पुलिस ने बताया है कि, चिल्फी बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान कंटेनर ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर का पता चला है। चेंबर की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस टीम ने गांजे को बाहर निकालकर उसका वजन कराया, जो कुल 4,47,445 ग्राम यानी 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम पाया गया है।
2.50 करोड़ से ज्यादा का मशरूका जब्त :
वहीँ पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक और मोबाईल फोन को भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए पूरे मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये से अधिक है। जिसको लेकर पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गांजे की सप्लाई कहां से हुई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम :
वहीँ गांजा तस्करी की इस बड़ी कार्यवाही पर आईजी अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कार्यवाही में शामिल पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। वहीँ पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी, पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर नजर बनाकर रखी हुई है।



