हथियारों का जखीरा लेकर घूम रहे बदमाश, टाटामारी में बवाल करने वालों का निकाला जुलूस।

केशकाल : केशकाल थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्यवाही की है। मामले के अनुसार सोमवार 31 अगस्त को सामने आए बलवा और धारदार हथियार से हमले के मामलों में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जिसके बाद अदालत से आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

नशे में युवकों ने चपरासी से की मारपीट :

सामने आया पहला मामला टाटामारी मार्ग का बताया गया है, जहां करीब आठ युवक कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचे और वन विभाग में पदस्थ चपरासी के साथ मारपीट कर दी। हमले में चपरासी को गंभीर चोटें आईं है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद केशकाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाई।

जीजा पर हमला करने पहुंचा आरोपी, साथ में थे कई धारदार हथियार :

वहीँ पुलिस की कार्यवाही चल ही रही थी कि इसी दौरान दूसरे मामले की जानकारी मिली। जिसके बाद चरामा निवासी इमामुद्दीन खान अपने जीजा पर हमला करने के इरादे से उसके घर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथ करीब चार धारदार हथियार लेकर आया और जीजा पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने बताया कि इमामुद्दीन पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जहाँ उसने भी बवाल काटा।

थाने से बस स्टैंड तक पैदल ले गई पुलिस :

इसके साथ ही दोनों मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। मंगलवार 1 सितम्बर को पुलिस ने सभी आरोपियों को थाना परिसर से बस स्टैंड तक पैदल जुलूस के रूप में ले जाकर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इन पूरे मामले की जानकारी केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने कहा कि कोंडागांव पुलिस जिले में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। असामाजिक तत्वों और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्यवाही जारी रहेगी, किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।