पैसे-जेवर को लेकर आपस में भिड़े बदमाश, फिर खुल गया बुर्का गैंग का राज, आरोपी गिरफ्त में।

बिलासपुर : लूटेरे एक फ़िल्मी कहानी के हिसाब से पकड़ में आये है , जो बिलासपुर से फिल्मी कहानी जैसी वारदात सामने आई है। कहते हैं अपराधी चाहे कितना शातिर हो, एक गलती पूरा खेल बिगाड़ देती है। जिले के कोटा क्षेत्र में भी यहीं हुआ लूट के माल के बंटवारे पर गैंग आपस में भिड़ गई। पेट्रोल पंप के पास हुई मारपीट के बाद घायल बदमाश खुद शिकायत लेकर थाने पहुंच गया और पूछताछ में उससे पूरा गैंग ही खुल गया। जिसके बाद पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक गिरोह के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में शामिल आरोपियों के बीच लूटे हुए गहने और पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। जिससे उनकी पोल खुल गई।

वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद :

पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाईल फोन सहित लूट का पूरा माल बरामद किया गया है। इस कार्यवाही को लेकर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया है कि, 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपए का कलेक्शन लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को सलका डैम मोड़ के पास धक्का देकर उसका बैग लूट लिया था।

बुर्का पहनकर दिया दूसरी वारदात को अंजाम :

इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर पर धावा बोला। वहां उन्होंने मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर करीब 50 हजार रुपए के सोने के जेवर लूट लिए। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों की जांच के दौरान संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था। लूट के करीब डेढ़ महीने बाद 2 सितंबर को कोटा पेट्रोल पंप के पास लुटेरों के बीच आपस में मारपीट हो गई। इनमें से एक युवक सीधे थाने पहुंच गया और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस पूछताछ में जुलाई में हुई दो बड़ी वारदातों का राज इसी झगड़े से खुल गया। उनकी आपसी लड़ाई ने उनको जेल पहुंचा दिया।