8 नवम्बर को दिवाली की रेल्वे बुकिंग फुल होना शुरू, सीटों की मारामारी के चलते कुछ ट्रेनों की बुकिंग हुई बंद।

रायपुर : कभी भी किसी भी मार्ग पर यात्रा करने से पहले समय रहते टिकटों की बुकिंग करवा लेना जरुरी होता है, अधिकांश मार्गों पर तुरंत टिकटें नहीं मिल पाती है, वहीँ अब दीपावली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना अभी से बड़ी चुनौती नजर आ रहा है। एडवांस टिकट बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों ने सीटों के लिए बुकिंग शुरू कर दी है, जो फुल हो गई है और वेटिंग की लिमिट भी खत्म होने को आ गई है। रेलवे में दो महीने पहले टिकट बुक करने की सुविधा लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में लोग पहले ही अपनी यात्रा सुनिश्चित करने में जुट गए हैं। यही वजह है कि बुकिंग खुलते ही कुछ प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग शुरू हो गई है। 

रायपुर से महानगरों की ओर जाने वाली जोन और मंडल की ट्रेनों में फिलहाल यात्रियों को पर्याप्त सीटें मिल रही हैं, लेकिन दूसरे जोन की लंबी दूरी की ट्रेनों से रायपुर आने के लिए वेटिंग शुरू हो चुकी है। इसके अलावा कई ट्रेनों में दो महीने पहले ही बुकिंग बंद हो चुकी है। मुंबई, दिल्ली, सूरत और हावड़ा से रायपुर आने वाली ट्रेनों में बुकिंग खुलते ही वेटिंग शुरू हुई, फिर बुकिंग बंद भी करनी पड़ी। एलटीटी एक्सप्रेस समता, गीतांजली, हावड़ा मेल और अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस में यात्रियों को भारी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है, यह समस्या आगे भी बढ़ेगी।

रायपुर से दिल्ली के लिए 400 से अधिक सीटें बुक :

ट्रेनों में जब बुकिंग की स्थिति की पड़ताल की गई तो पता चला कि रायपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। 6 नवंबर की यात्रा के लिए रायपुर से दिल्ली जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर, सेकंड और फर्स्ट एसी श्रेणी में वेटिंग 1 से 3 तक पहुंच गई, यानी बुकिंग शुरू होने के साथ ही इन तीनों श्रेणियों की 400 से अधिक सीटें बुक हो चुकी हैं। वहीँ 60 दिन पहले टिकटें बुकिंग खुलने पर सुबह से ही फुल हो जा रही है।

रायपुर से पटना के लिए करीब 500 से 600 टिकट तेजी से बुक :

वहीँ रायपुर से पटना जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों ने पहले दिन से ही सीटें बुक करानी शुरू कर दीं। साउथ बिहार एक्सप्रेस में 6 नवंबर की यात्रा के लिए स्लीपर में 66, थर्ड एसी में 46 और सेकंड एसी में 23 वेटिंग पहुंच गई है। बुकिंग शुरू होने के साथ ही रायपुर से पटना के लिए करीब 500 से 600 टिकट तेजी से बुक होने की जानकारी सामने आई है। पटना और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों का दबाव सारनाथ और बरौनी एक्सप्रेस में भी देखने को मिल रहा है। इन ट्रेनों की अलग-अलग श्रेणियों में भी वेटिंग शुरू हो चुकी है। यूपी-बिहार के अलावा महाराष्ट्र की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों में भी दीपावली को देखते हुए पहले से बुकिंग का दबाव बढ़ने लगा है।

एक वेटिंग टिकट भी क्लीयर होना मुश्किल :

दीपावली के आसपास ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। इस दौरान वेटिंग टिकट क्लीयर होने की संभावना भी कम रहती है। यही कारण है कि यात्री दो महीने पहले ही टिकट बुक कराकर अपनी सीट पक्की करने की कोशिश कर रहे हैं। बुकिंग खुलने के शुरुआती घंटों में ही सीटों के तेजी से भरने से साफ है कि दीपावली के दौरान रायपुर से यूपी-बिहार और दिल्ली रूट पर यात्रियों का दबाव काफी अधिक रहने वाला है।

सूरत और मुंबई से रायपुर आना हुआ मुश्किल :

सूरत से रायपुर आने वाली ट्रेनों में बुकिंग फुल होने की स्थिति बन गई है। अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी की बुकिंग बंद हो चुकी है। वहीं कविगुरु एक्सप्रेस में रायपुर आने के लिए स्लीपर में 101 वेटिंग है। इसके अलावा एसी श्रेणी में रेलवे ने बुकिंग बंद कर दी है। मुंबई से रायपुर आने वाली मुंबई-हावड़ा, शालीमार और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में भी बुकिंग फुल हो चुकी है। इससे आने वाले दिनों में महानगरों से रायपुर आने वाले यात्रियों के लिए कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो सकता है। ऐसे ही अब यात्रियों ने टिकट बुक करवाना शुरू कर दिया है।