हजारों सांपों का रेस्क्यू करने वाले स्नेक कैचर की सांप के डसने से दर्दनाक मौत।

बेमेतरा : लोगों की जान बचाने और जहरीले सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने वाले एक अनुभवी स्नेक कैचर की सांप पकड़ने के दौरान मौत हो गई। नवागढ़ निवासी मनीष पाटिल को मुरता गांव में सांप पकड़ने के लिए डायल 112 की टीम अपने साथ लेकर गई थी। बेमेतरा जिले के नवागढ़ निवासी और एक अनुभवी स्नेक कैचर मनीष पाटिल की सांप पकड़ने के दौरान जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मुरता गांव में सांप निकलने की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मनीष को अपने साथ रेस्क्यू के लिए ले गई थी। सांप को सुरक्षित पकड़ने के इसी प्रयास के दौरान एक जहरीले सांप ने मनीष को डस लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।

अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, सिम्स में तोड़ा दम :

इसको लेकर परिजनों का आरोप है कि सांप के काटने के बाद मनीष को सबसे पहले नवागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन वहां उन्हें समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। स्थिति गंभीर होने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद मनीष को बेहतर इलाज के लिए सिम्स (CIMS) बिलासपुर ले जाया गया। दुर्भाग्यवश, वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इलाके में पसरा मातम, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल :

मनीष लंबे समय से सांपों के रेस्क्यू का काम कर रहे थे और अब तक हजारों जहरीले सांपों को सुरक्षित पकड़कर लोगों की जान बचा चुके थे। उनकी इस असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं, परिजनों द्वारा समय पर इलाज न मिलने का आरोप लगाए जाने के बाद अब स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था और उपचार में हुई देरी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।