आधी रात पुलिस की बड़ी कार्यवाही: न्यू मॉडल टाउन के दो होटलों में जिस्मफरोशी रैकेट का बड़ा खुलासा, 41 युवक-युवतियों सहित दो मैनेजर गिरफ्तार।

हिसार (हरियाणा) : जिले में न्यू मॉडल टाउन रोड पर स्थित दो नामी होटलों में चल रहे अवैध देह व्यापार के नेटवर्क पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। सोमवार देर रात स्पेशल पुलिस टीमों ने ‘होटल राज’ और ‘होटल 999’ में एक साथ औचक छापेमारी कर मौके से 22 युवतियों और 19 युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में ले लिया गया। बताया गया है कि इस अनैतिक कारोबार को संचालित करने वाले दोनों होटलों के प्रबंधकों को भी मौके पर ही धर दबोचा गया। अचानक हुई इस भारी पुलिसिया कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

स्थानीय नागरिकों द्वारा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस महकमे ने यह गुप्त ऑपरेशन तैयार किया था। पूरी रणनीति डीएसपी प्रिया की अगुवाई में अमल में लाई गई। आधी रात करीब 12 बजे डॉग स्क्वायड और भारी पुलिस बल ने इलाके में मोर्चा संभाला। किसी भी तरह के शक या भनक से बचने के लिए पुलिस कर्मियों को बोगस कस्टमर (फर्जी ग्राहक) बनाकर होटलों के भीतर भेजा गया। अंदर से पूर्व-निर्धारित संकेत मिलते ही बाहर तैनात टीमों ने दोनों इमारतों को चारों तरफ से घेरकर एक साथ छापा मार दिया गया।

मामले की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि अधिक मुनाफा कमाने के लालच में युवतियों को विशेष रूप से दिल्ली और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों से हिसार बुलाया गया था। इन महिलाओं को होटलों के कमरों में ठहराकर संगठित तरीके से यह धंधा चलाया जा रहा था। तलाशी के दौरान ‘होटल 999’ के कमरा नंबर 205 और ‘होटल राज’ के कमरा नंबर 112 से कई आपत्तिजनक सामग्रियां तथा 1,000 रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने सील बंद पैकेटों में बतौर साक्ष्य जब्त कर लिया गया है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, ‘होटल 999’ से 13 युवतियों और 11 युवकों के साथ मैनेजर कुलदीप (निवासी कौथ कलां, हांसी) को गिरफ्तार किया गया। वहीं ‘होटल राज’ से 9 युवतियों, 8 युवकों और मैनेजर अंकुश (निवासी कैथल) को पकड़ा गया। इस पूरे मामले में हिसार के अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम यानी इमोरल ट्रैफिकिंग (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की गहन जांच शुरू कर दी है।