गुढ़ियारी से अपहृत मासूम की नागपुर से रिहाई, पूर्व प्रेमी की करतूत, आरोपी पवन साहू गिरफ्तार, 14 माह का बच्चा सकुशल बरामद।

रायपुर : राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कलिंग नगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पूर्व प्रेमी ने घर में अनाधिकृत रूप से घुसकर लोहे की पाइप के दम पर एक वर्ष दो माह के मासूम का अपहरण कर लिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर अपहृत बच्चे को सकुशल बचा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 22 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे की है। पीड़िता अपने पति और दो बच्चों के साथ कलिंग नगर स्थित आवास में रहती है। दोपहर के समय वह मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित रसोईघर में भोजन बना रही थी, जबकि उसका छोटा बेटा पृथ्वी ध्रुव पास ही फर्श पर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पवन साहू हाथ में लोहे की पाइप लेकर जबरन मकान में दाखिल हुआ। उसने महिला पर तुरंत अपने साथ चलने का दबाव बनाया। जब महिला ने उसके साथ जाने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।

महिला के इंकार से नाराज होकर पवन ने लोहे की पाइप से जान से मारने की धमकी दी और खेलते हुए मासूम बच्चे को उठाकर भाग निकला। पीड़िता ने शोर मचाते हुए गली में उसकी खोजबीन की, किंतु वह फरार हो चुका था। इसके बाद पीड़िता ने अपने पति को सूचना दी और गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घर में जबरन प्रवेश, गाली-गलौज, धमकी और अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की कार्यवाही शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि महिला और पवन के बीच विगत एक वर्ष से प्रेम संबंध थे। बीते अगस्त माह में भी महिला अपने छोटे बेटे को लेकर पवन के साथ नागपुर चली गई थी, जहां वह उसकी नानी के घर लगभग 20 दिन रही थी। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप पर वह रायपुर लौट आई थी और पिछले एक माह से पति के साथ रह रही थी।

अपहरण के उपरांत पुलिस ने विशेष टीम गठित कर रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी के नागपुर की दिशा में जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद साईबर सेल ने मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करते हुए नागपुर में दबिश की कार्यवाही की और आरोपी पवन साहू को धर दबोचा। मासूम को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।