ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शराब बनाने वाले गोरखधंधे का भंडाफोड़, आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही।

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नामी शराब कंपनियों के नाम पर मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपाने के एक बड़े खेल का आबकारी विभाग ने भंडाफोड़ किया है। आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने सूरजपुर जिले के कुमदा बस्ती क्षेत्र स्थित एक मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में नकली ढक्कन, रैपर और खाली शीशियां बरामद की हैं। इस कार्यवाही के दौरान 12 लीटर मिलावटी शराब भी जब्त की गई। मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

घर के कमरे में चल रहा था नकली शराब की पैकिंग का खेल :

मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता टीम को सूरजपुर के कुमदा बस्ती क्षेत्र में अवैध शराब बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर चंद्रप्रकाश राजवाड़े के घर पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से भारी मात्रा में शराब पैकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद हुई। जांच में स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं कि यहां अलग-अलग ब्रांडों के नाम पर मिलावटी शराब तैयार कर उसकी पैकिंग की जा रही थी।

2500 नकली ढक्कन और 200 रैपर बरामद :

छापेमार कार्यवाही के दौरान आबकारी टीम ने विभिन्न नामी ब्रांडों के 2500 नग नकली ढक्कन और 200 नग नकली शराब रैपर/लेबल जब्त किए। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में खाली शीशियां और मौके से 12 लीटर तैयार मिलावटी शराब भी जब्त की गई।

नामी ब्रांड्स के लेबल लगाकर होती थी आपूर्ति :

आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त की गई सामग्रियों में मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के नकली ढक्कन और रैपर शामिल हैं। आरोपी इन्हीं ब्रांड्स का नाम और पैकिंग सामग्री इस्तेमाल कर मिलावटी शराब खपाने की फिराक में था।

आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही :

मामले में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल दाखिल करा दिया गया।

अवैध शराब के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी :

यह पूरी कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व एवं उड़नदस्ता प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध व मिलावटी शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।