कुरुद (धमतरी): धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले पूरे उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। इसी बीच भखारा क्षेत्र अंतर्गत जोरातराई मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जहाँ पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने ऐन वक्त पर सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की का कांच तोड़ा और सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पानी के तेज बहाव के बीच जोखिम भरी कोशिश :
मिली जानकारी के मुताबिक, जोरातराई मार्ग स्थित पुलिया के ऊपर से पानी काफी तेज रफ्तार से बह रहा था। खतरे के बावजूद चालक ने रुकने से इंकार करते हुए वाहन को पार कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर तेज धार में बहने लगी। कुछ दूरी तक बहने के बाद वाहन एक जगह जाकर अटक गया। इसके तुरंत बाद भीतर फंसे दोनों लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकलने में कामयाबी पाई। समय रहते दोनों के सुरक्षित निकल जाने से एक बड़ी जनहानि टल गई।
कई क्षेत्रों में जलभराव, घरों में घुसा पानी :
जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश और भारी आवक को देखते हुए गंगरेल, दुधावा तथा मुरुमसिल्ली जलाशयों के गेट खोल दिए गए हैं। मौजूदा स्थिति में दुधावा जलाशय 100 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 99.10 प्रतिशत, गंगरेल 96.54 प्रतिशत और सोढुर जलाशय 87.74 प्रतिशत भराव क्षमता पर पहुंच चुका है। जलाशयों में पानी की भारी आवक लगातार बनी हुई है। इधर, महानदी के तट पर बसे दरगहन गांव की गलियों में पानी का तेज बहाव बना हुआ है तथा कई घरों में भी पानी घुसने की सूचना है।
प्रशासन की सतर्क रहने की अपील :
गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आम नागरिकों से उफनते नदी-नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार न करने की अपील की है। विशेष रूप से तेज बहाव वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें बारिश व जलस्तर की स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं।



