लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा, एजाज़ ढेबर सहित कांग्रेस नेताओं को धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में शोएब ढेबर गिरफ्तार।

रायपुर। राजधानी रायपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर राजनेताओं और अन्य लोगों को धमकाने के मामले में पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शोएब ने बिश्नोई गैंग के नाम का सहारा लेकर करीब सात लोगों को धमकी दिलवाई थी। इसी मामले में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप भी सामने आया है।

नए मोबाइल और सिम से की गईं धमकी भरी कॉल :

पुलिस जांच के अनुसार, धमकी देने के लिए नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। आरोप है कि इन्हीं माध्यमों से अलग-अलग लोगों को फोन कर डराया-धमकाया गया और फिरौती मांगी गई। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से कॉल कर 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इस मामले में जांजगीर-चांपा के एक युवक से पूछताछ के बाद शोएब ढेबर की संलिप्तता सामने आई।

सात लोगों को धमकाने की साजिश :

पुलिस की पड़ताल में यह तथ्य सामने आया है कि शोएब ढेबर ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ दिखाकर सात लोगों को धमकी देने की साजिश में मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट का नेटवर्क कितना बड़ा है और इन कॉल्स के पीछे वास्तविक मकसद क्या था। जांच एजेंसियां कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल हैंडसेट, सिम और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं।

ढेबर परिवार को भी मिली थी 50 करोड़ की धमकी :

इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके परिजनों को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया था। एक विदेशी नंबर से कॉल कर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी, जिसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ढेबर परिवार को मिली धमकी के मामले में भी शोएब के संपर्कों और दोस्तों की भूमिका की जांच की जा रही है।

भाजपा नेता के भतीजे समेत अन्य संदिग्ध हिरासत में :

इस प्रकरण में पुलिस ने एक भाजपा नेता के भतीजे और एक अन्य युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सभी धमकी भरे कॉल्स और आरोपियों के बीच संभावित कनेक्शन की कड़ियां जोड़ रही है। इसके साथ ही कोतवाली थाने में दर्ज जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) के मामले में भी आगे की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

शोएब पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मामले :

शोएब ढेबर के खिलाफ इससे पहले भी विभिन्न मामलों में पुलिस कार्यवाही हो चुकी है। सितंबर 2024 में तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित जूक क्लब विवाद में मारपीट के आरोप में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। इसके अलावा, अगस्त 2025 में गंज थाना पुलिस ने जेल के मुलाकात कक्ष में बिना अनुमति प्रवेश करने और जेल प्रहरी से विवाद करने के आरोप में भी शोएब को गिरफ्तार किया था। मामले में आगे भी साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।