सूरजपुर : फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सोमवार को दो गंभीर मामलों में अहम फैसला सुनाया है। प्रधान आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटी की नृशंस हत्या के बहुचर्चित मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू सहित चार आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया है। इस मामले में सजा के बिंदु पर सुनवाई 8 अक्टूबर को की जायेगी। वहीं, दूसरे मामले में प्रधान आरक्षक उदय सिंह पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश के जुर्म में आरोपी कुलदीप साहू को 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है।
कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा :
सोमवार को दोनों मामलों की सुनवाई को लेकर न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजामात किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा। चारों आरोपियों के दोषी करार दिए जाने के बाद अब सभी की नजरें 8 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब अदालत द्वारा सजा तय की जायेगी।
पेशी के दौरान आरोपी कुलदीप साहू का वीडियो वायरल :
इधर, कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी कुलदीप साहू का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी शहर में खासी चर्चा है। वीडियो में वह फौजी कट बालों में कथित रूप से मुस्कुराते हुए और वीडियो बनाने की बात कहते दिख रहा है। उसके हाव-भाव और बातचीत का लहजा कथित तौर पर धमकी भरा नजर आ रहा है।
क्या था पूरा मामला?
यह सनसनीखेज वारदात 13 अक्टूबर 2024 की रात सूरजपुर क्षेत्र में घटित हुई थी। चौपाटी क्षेत्र में आदतन अपराधी कुलदीप साहू ने प्रधान आरक्षक तालिब शेख से विवाद के दौरान एक दुकान में खौलता हुआ तेल उन पर फेंक दिया था। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू की।
तलाश के दौरान कुलदीप अंधेरे में एक कार में छिपा हुआ था। जब पुलिसकर्मी पैदल उसकी तलाश कर रहे थे, तब उसने उन पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
इसी बीच, आरोपी शहर से बाहर महगंवा क्षेत्र स्थित प्रधान आरक्षक तालिब शेख के किराए के मकान का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गया। खतरे को भांपते हुए प्रधान आरक्षक की पत्नी ने पति को फोन लगाया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद जब तालिब शेख ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तब भी संपर्क नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका पर जब प्रधान आरक्षक अपने घर पहुंचे, तो कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था और पत्नी व मासूम बच्ची गायब थीं। घर के बाहर एक चाकू बरामद हुआ। पुलिस की तत्पर कार्यवाही और सरगर्मी से की गई खोजबीन के बाद शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर पत्नी और बेटी के शव बरामद हुए थे।



